Courtesy: AI Generated
नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर पर कथित आतंकी हमले की साजिश का पंजाब पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है. अमृतसर पुलिस के मुताबिक, इस मामले में दो अलग-अलग गिरोहों से जुड़े चार नाबालिग समेत कुल नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों के पास से पेट्रोल बम, पिस्तौल, कारतूस और अन्य संदिग्ध सामान बरामद हुआ है.
पुलिस की जांच में इस नेटवर्क की कड़ी दिल्ली के जंतर-मंतर से जुड़ने की बात सामने आई है. अधिकारियों के अनुसार, एक गिरोह से जुड़े कुछ आरोपी अपने साथियों के साथ जंतर-मंतर पहुंचे थे. वहां एक प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर आतंकी वारदात को अंजाम देने की योजना थी.
हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता के चलते कथित साजिश को अंजाम नहीं दिया जा सका. इसके बाद आरोपी वापस पंजाब लौट गए. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दिल्ली में उन्हें किसने मदद पहुंचाई और उनके संपर्क में कौन-कौन लोग थे.
अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर के मुताबिक, शुरुआती जांच में आरोपियों को पाकिस्तान में मौजूद कथित ISI हैंडलर से निर्देश मिलने की बात सामने आई है. पुलिस का दावा है कि जंतर-मंतर पहुंचने के बाद आरोपियों के लिए स्थानीय स्तर पर मदद और जरूरी सामान जुटाने की कोशिश की गई.
जांच में उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति से संपर्क का भी पता चला है. पुलिस के अनुसार, इस व्यक्ति की भूमिका हथियार और विस्फोटक उपलब्ध कराने से जुड़ी होने की आशंका है.
पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है. जांच एजेंसियां यह पता लगा रही हैं कि कथित तौर पर इस नेटवर्क को आर्थिक मदद कहां से मिल रही थी और हथियारों की सप्लाई कैसे की जा रही थी.
इसके अलावा स्थानीय स्तर पर मदद करने वाले संभावित लोगों और अन्य सहयोगियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और आगे की जांच से इस कथित नेटवर्क से जुड़े और नाम सामने आ सकते हैं. फिलहाल मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है.