menu-icon
The Bharatvarsh News

भारत के अन्नदाताओं का बढ़ा मान! पीएम मोदी को UN की एजेंसी FAO ने किया सम्मानित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इटली के रोम में एफएओ का प्रतिष्ठित एग्रीकोला मेडल दिया गया. मोदी ने यह सम्मान देश के अन्नदाताओं को समर्पित किया. वहीं भारत-इटली ने संबंधों को विशेष रणनीतिक साझेदारी का दर्जा देते हुए रक्षा और व्यापार सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई.

Calendar Last Updated : 21 May 2026, 11:16 AM IST
Share:

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इटली की राजधानी रोम में संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी खाद्य एवं कृषि संगठन की ओर से प्रतिष्ठित ‘एग्रीकोला मेडल’ से सम्मानित किया गया. यह सम्मान भारत के कृषि, खाद्य सुरक्षा और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में योगदान को वैश्विक स्तर पर मिली बड़ी पहचान माना जा रहा है. एफएओ के महानिदेशक क्यू डोंग्यू ने एक विशेष समारोह में प्रधानमंत्री मोदी को यह मेडल दिया गया.

सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने इसे देश के अन्नदाताओं को समर्पित करते हुए कहा कि यह भारत के किसानों, पशुपालकों, मत्स्य पालन से जुड़े लोगों, कृषि वैज्ञानिकों और नवप्रवर्तकों की मेहनत का सम्मान है. वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसे कृषि सुधारों और किसानों के हित में किए गए प्रयासों की वैश्विक स्वीकृति बताया.

एफएओ मुख्यालय में पीएम मोदी को मिला सम्मान

रोम स्थित एफएओ मुख्यालय में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एग्रीकोला मेडल प्रदान किया गया. यह पुरस्कार खाद्य सुरक्षा, बेहतर पोषण और कृषि विकास के क्षेत्र में असाधारण योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तियों को दिया जाता है. प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, एफएओ मुख्यालय में आयोजित समारोह में मैंने अत्यंत विनम्रता के साथ एफएओ का एग्रीकोला मेडल स्वीकार किया. मैं एफएओ का आभारी हूं. मैं यह सम्मान भारत के अन्नदाताओं, हमारे भोजन प्रदाताओं को समर्पित करता हूं.

उन्होंने आगे कहा, यह हमारे किसानों, पशुपालन और मत्स्य पालन से जुड़े लोगों, हमारे कृषि वैज्ञानियों और नवप्रवर्तकों की कड़ी मेहनत को मान्यता है. यह मानव कल्याण, खाद्य सुरक्षा और सतत विकास के प्रति भारत की अटूट प्रतिबद्धता की भी स्वीकृति है.

अमित शाह ने दी बधाई

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री मोदी को इस सम्मान के लिए बधाई दी. उन्होंने कहा कि यह सम्मान कृषि सुधारों, खाद्य सुरक्षा और हर परिस्थिति में किसानों के हितों को प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता का वैश्विक सम्मान है.

भारत-इटली संबंधों पर मेलोनी का बयान

इटली की प्रधानमंत्री जार्जिया मेलोनी ने भारत और इटली के मजबूत होते रिश्तों को लेकर खुशी जताई. पीएम मोदी के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में उन्होंने हिंदी में कहा, परिश्रम ही सफलता की कुंजी है. मेलोनी ने कहा कि भारत और इटली के संबंध अब एक ऐतिहासिक दौर में प्रवेश कर चुके हैं. उन्होंने पीएम मोदी की यात्रा को दोनों देशों के रिश्तों के लिए निर्णायक क्षण बताया.

परिश्रम ही सफलता की कुंजी है

जार्जिया मेलोनी ने कहा, एक भारतीय शब्द है परिश्रम. इसका अर्थ है कड़ी मेहनत, निरंतर प्रतिबद्धता और अथक प्रयास. यह एक ऐसा शब्द है जिसके बारे में मुझे पता है कि भारत में इसका बहुत इस्तेमाल होता है. इसे अक्सर एक लोकप्रिय कहावत के रूप में इस्तेमाल किया जाता है कि परिश्रम ही सफलता की कुंजी है. उन्होंने आगे कहा, हम अपने संबंधों को इसी तरह से बनाने के आदी हैं- कड़ी मेहनत के साथ, जो अंत में सफलता में बदल जाती है. मेलोनी ने यह भी कहा कि दो दशक से अधिक समय बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली द्विपक्षीय इटली यात्रा है, जिसने दोनों देशों के राजनयिक संबंधों को नई गति दी है.

रक्षा क्षेत्र में साथ काम करेंगे भारत और इटली

भू-राजनीतिक चुनौतियों के बीच भारत और इटली ने अपने संबंधों को विशेष रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया है. दोनों देशों ने रक्षा औद्योगिक रोडमैप को अंतिम रूप दिया, जिसके तहत हेलीकॉप्टरों और नौसैनिक हथियारों सहित सैन्य उपकरणों का सह-विकास और सह-उत्पादन किया जाएगा. प्रधानमंत्री मोदी और मेलोनी ने पश्चिम एशिया की स्थिति पर चिंता जताई और बातचीत व कूटनीति के जरिए समाधान निकालने पर जोर दिया. दोनों नेताओं ने होर्मुज क्षेत्र में नौवहन की स्वतंत्रता बहाल करने की भी अपील की.

10 समझौतों पर हुए हस्ताक्षर

भारत और इटली के बीच कई अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए 10 एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए. इनमें महत्वपूर्ण खनिज, कृषि, समुद्री परिवहन और समुद्री उत्पादों से जुड़े समझौते शामिल हैं. इसके अलावा दोनों देशों ने इटली में उच्च शिक्षा और भारतीय नर्सों की आवाजाही के लिए नए ढांचे को भी अंतिम रूप दिया.

राष्ट्रपति सर्जियो मैटरेला से भी मिले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मैटरेला से मुलाकात कर व्यापार, निवेश, टेक्नोलॉजी, एआई, अंतरिक्ष, महत्वपूर्ण खनिज और परमाणु ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की. इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने इतालवी राष्ट्रपति को भारत आने का निमंत्रण भी दिया.

रोम में दिखी काशी की झलक

प्रधानमंत्री मोदी ने इतालवी चित्रकार जियामपाओलो टोमासेटी से मुलाकात का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, रोम में काशी की एक झलक! इतालवी चित्रकार जियामपाओलो टोमासेटी ने वाराणसी पर अपनी कलाकृति भेंट की. प्रधानमंत्री ने बताया कि टोमासेटी पिछले चार दशकों से भारतीय संस्कृति से जुड़े हुए हैं. उन्होंने वैदिक संस्कृति और महाभारत से जुड़ी कई पेंटिंग्स पर काम किया है. पीएम मोदी ने यह भी कहा कि इटली में भारतीय संगीत तेजी से लोकप्रिय हो रहा है.

सम्बंधित खबर

Recent News