Courtesy: AI Generated Image
नई दिल्ली: गाजा पट्टी में इजराइली सुरक्षा बलों की हालिया बमबारी ने एक बार फिर खौफ और तबाही का मंजर पैदा कर दिया है। नए सिरे से किए गए हवाई हमलों में दो मासूम बच्चों सहित कम से कम आठ फिलिस्तीनियों की जान चली गई। आसमान से अचानक बरसी मिसाइलों ने न केवल इमारतों को मलबे में तब्दील किया, बल्कि कई परिवारों की खुशियां भी हमेशा के लिए छीन लीं।
अज-जवायदा में तबाही
रविवार को हुए इन भीषण हमलों में इजराइली वायुसेना ने अज-जवायदा इलाके में स्थित एक गोदाम को सीधा निशाना बनाया। जोरदार धमाके के साथ वह पूरी इमारत कुछ ही पलों में जमींदोज हो गई। वहीं, सलाह अल-दीन स्ट्रीट के समीप हुए हमले ने हर किसी का दिल दहला दिया, जहां चार साल के मासूम बच्चा मुहम्मद अब्देल सलाम ताहा भी इस हिंसा की चपेट में आ गया और उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
बच्चों की पतंगों से सुरक्षा को खतरा?
इन घातक हमलों से ठीक पहले इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गाजा की सीमा की ओर से कथित तौर पर उड़ाई जाने वाली कागज की पतंगों पर सख्त रुख अपनाते हुए सैन्य कार्रवाई तेज करने की चेतावनी दी थी। जो पतंगें आमतौर पर विस्थापित बच्चों के खेलने का साधन मानी जाती हैं, वे अब इजराइली रक्षा प्रतिष्ठानों के लिए एक बड़ा सुरक्षा जोखिम बन गई हैं।
शीर्ष सैन्य बैठक और सख्त निर्देश
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने सेना के उच्च अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय आपातकालीन समीक्षा बैठक की। इस बैठक में गाजा की ओर से आने वाली पतंगों और ड्रोन जैसी गतिविधियों से निपटने की रणनीति पर मुहर लगाई गई। रक्षा मंत्री काट्ज ने स्पष्ट किया कि आसमान से उड़कर आने वाली हर पतंग को ड्रोन के समान ही सुरक्षा खतरा माना जाएगा, चाहे उसमें विस्फोटक बंधा हो या न हो। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि ऐसी गतिविधियों को बढ़ावा देने वाले हमास कमांडरों को चिन्हित कर सीधा निशाना बनाया जाएगा।
बेन-ग्विर की विवादित मांग
दूसरी तरफ, इजराइल के भीतर भी इस मुद्दे पर घमासान छिड़ा हुआ है। देश के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-ग्विर ने एक पॉडकास्ट में बयान देकर विवाद खड़ा कर दिया। उन्होंने मांग की कि गाजा पर हमले धीमे नहीं पड़ने चाहिए और वहां हर रात दर्जनों लोगों को निशाना बनाया जाना चाहिए। बेन-ग्विर ने पीएम नेतन्याहू की वर्तमान रणनीति की आलोचना करते हुए सैन्य दबाव को चरम पर ले जाने की पैरोकारी की है।