menu-icon
The Bharatvarsh News

फुकेत-दिल्ली उड़ान में हुई घटना के बाद एयर इंडिया के पायलटों की ड्रग टेस्टिंग को लेकर बड़ा अपडेट

पायलट ड्रग टेस्ट में फेल पाए गए हैं. सूत्रों के मुताबिक, दोनों पायलटों को फिलहाल ड्यूटी से हटा दिया गया है और उनके अंतिम टेस्ट की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

Calendar Last Updated : 17 August 2026, 04:41 PM IST
Share:

नई दिल्ली: फुकेत-दिल्ली उड़ान में हुई घटना के बाद एयर इंडिया के पायलटों की ड्रग टेस्टिंग को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. शुरुआती जांच में दो और पायलट ड्रग टेस्ट में फेल पाए गए हैं. सूत्रों के मुताबिक, दोनों पायलटों को फिलहाल ड्यूटी से हटा दिया गया है और उनके अंतिम टेस्ट की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

बता दें कि फुकेत-दिल्ली उड़ान के पायलट-इन-कमांड के विमान से उतरने के बाद किए गए दो यूरिन टेस्ट में कथित तौर पर मारिजुआना की मौजूदगी मिली थी. इसके बाद एयर इंडिया ने अपनी नई स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर के तहत पायलटों की ड्रग टेस्टिंग का दायरा बढ़ा दिया. सूत्रों के अनुसार, अब तक एयर इंडिया के 300 से ज्यादा पायलट इस जांच प्रक्रिया से गुजर चुके हैं. आमतौर पर अंतिम ड्रग टेस्ट की रिपोर्ट 24 से 48 घंटे के भीतर आने की उम्मीद रहती है.

केबिन क्रू की शिकायत के बाद सामने आया मामला

सूत्रों का कहना है कि विमान में मौजूद एक केबिन क्रू सदस्य ने शिकायत दर्ज कराई थी. इसमें आरोप लगाया गया था कि संबंधित पायलट ने पहले गांजा का सेवन किया था. इसी शिकायत के बाद पायलट के विमान से उतरने पर ड्रग टेस्ट कराया गया था. इसके बाद एयरलाइन ने अपने अन्य पायलटों की भी जांच शुरू कर दी. अब दो और पायलटों के शुरुआती टेस्ट में फेल होने की जानकारी सामने आने से यह मामला और गंभीर हो गया है.

 विमान में अचानक आई तकनीकी खराबी

जिस उड़ान के बाद यह जांच शुरू हुई, उसमें एयरबस ए-320 नियो विमान शामिल था. जानकारी के अनुसार, विमान करीब 300 फीट नीचे चला गया था. विमान के सिस्टम लॉग से मिली जानकारी में चार सेकंड तक एलिवेटर और एइलरॉन समेत प्रमुख उड़ान नियंत्रण सतहों में असामान्य गतिविधि सामने आने की बात कही गई है.

हाइड्रोलिक सिस्टम विमान के उड़ान नियंत्रण में बेहद अहम भूमिका निभाते हैं. एलिवेटर विमान की नाक को ऊपर-नीचे करने, एइलरॉन उसे दाएं-बाएं मोड़ने और स्पॉइलर लिफ्ट कम करने में मदद करते हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, हाइड्रोलिक सिस्टम में गड़बड़ी के दौरान इन हिस्सों के संचालन पर असर पड़ा.

नियमित ड्रग टेस्ट का भी दिया हवाला

शुरुआत में इस घटना को अशांति से जोड़कर देखा गया था, लेकिन बाद में विमान के सिस्टम लॉग से तकनीकी जानकारी सामने आई. एयर इंडिया ने कहा है कि नागरिक उड्डयन नियमों के तहत चालक दल के सदस्यों का नियमित ड्रग टेस्ट किया जाता है और यह प्रक्रिया किसी एक उड़ान या घटना तक सीमित नहीं है.

सम्बंधित खबर

Recent News