menu-icon
The Bharatvarsh News

अमृतसर में तीर्थ यात्रा बस पर हमला, AAP ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लगाए गंभीर आरोप

अमृतसर में ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक बस पर हमले का मामला सामने आया है. आम आदमी पार्टी ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे विपक्षी दल कांग्रेस की हताशा का परिणाम बताया है.

Calendar Last Updated : 22 July 2026, 10:21 PM IST
Share:

चंडीगढ़: अमृतसर में ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक बस पर हमले का मामला सामने आया है. आम आदमी पार्टी ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे विपक्षी दल कांग्रेस की हताशा का परिणाम बताया है. पार्टी नेतृत्व का आरोप है कि पंजाब  सरकार की इस बेहद लोकप्रिय लोक-कल्याणकारी योजना की सफलता से बौखलाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हिंसा का रास्ता चुना है.

बौखलाहट में कांग्रेस ने उठाया हिंसा का कदम

पार्टी के पंजाब मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने पार्टी नेता शमिंदर सिंह खिंडा के साथ आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस घटना की जानकारी साझा की. उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार द्वारा शुरू की गई 'मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना' आज पंजाब के लाखों लोगों के लिए एक वरदान सिद्ध हो रही है. इस योजना के माध्यम से आम नागरिकों और विशेष रूप से जरूरतमंद परिवारों को मुफ्त धार्मिक यात्रा का अवसर मिल रहा है.

बलतेज पन्नू ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अमृतसर रूरल पुलिस ने इस मामले में तत्परता से कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों, गुरपिंदर सिंह उर्फ लाली और बलजीत सिंह शीशा को गिरफ्तार किया है. जांच में इन दोनों व्यक्तियों के सीधे तौर पर कांग्रेस पार्टी से संबंध पाए गए हैं. पन्नू ने आरोप लगाया कि श्रद्धालुओं से भरी बस पर बिना किसी उकसावे के किया गया यह हमला पूरी तरह से प्रायोजित था. तीर्थ यात्रा से लौटकर जब श्रद्धालु भगवंत मान सरकार के प्रबंधों की प्रशंसा करते हैं, तो वह जनसमर्थन कांग्रेस पार्टी को पच नहीं रहा है.

पुलिस पर दवाब बनाने का प्रयास

पुलिस की कार्रवाई के बाद कांग्रेस से जुड़े दो अन्य नेताओं, सनी और हरप्रीत सिंह ने गिरफ्तार आरोपियों को छुड़ाने तथा कानूनी कार्रवाई को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन पर दबाव बनाने का प्रयास किया. फिलहाल पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि इस पूरी साजिश के पीछे मुख्य सूत्रधार कौन थे.

विपक्ष का काम केवल अफवाहें फैलाना

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पन्नू ने विपक्षी दलों की कार्यशैली पर कड़ा प्रहार किया. उन्होंने याद दिलाया कि जब आम आदमी पार्टी ने पंजाब में सरकार बनाई थी, तब विपक्ष ने दावा किया था कि यह सरकार तीन महीने भी नहीं टिक पाएगी. इसके बाद एक साल का दावा किया गया. लेकिन आज सरकार अपने 5 साल का कार्यकाल सफलता के साथ पूरा कर रही है. उन्होंने यह भी कहा कि जब भी मुख्यमंत्री भगवंत मान अपने नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए जाते हैं, तो विपक्षी दल भ्रामक अफवाहें और बेबुनियाद कयासबाजी फैलाने में जुट जाते हैं.

3.5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने उठाया लाभ

आप नेता शमिंदर सिंह खिंडा ने योजना के आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि अब तक 3.5 लाख से अधिक श्रद्धालु श्री आनंदपुर साहिब, माता नैना देवी जी और श्री दरबार साहिब जैसे पवित्र स्थलों के दर्शन कर चुके हैं. उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही इस सेवा का विस्तार करते हुए हरिद्वार, ऋषिकेश, मथुरा, वृंदावन, खाटू श्याम और सालासर धाम के लिए भी नई बसें और रूट शुरू करने जा रही है.

खिंडा ने बताया कि इस योजना के तहत यात्रियों के परिवहन, ठहरने, भोजन और अन्य सभी व्यवस्थाओं का पूरा खर्च पंजाब सरकार खुद वहन करती है. आर्थिक तंगी के कारण जो लोग जीवन में कभी इन धार्मिक स्थलों पर नहीं जा पाए थे, उनके सपनों को इस योजना ने साकार किया है. इतने बड़े पैमाने पर संचालन के बावजूद प्रबंधों को लेकर एक भी शिकायत नहीं मिली है. सरकार ने साफ किया है कि ऐसी हिंसक घटनाओं से योजना पर कोई असर नहीं पड़ेगा और यह निरंतर जारी रहेगी.

सम्बंधित खबर

Recent News