ईरान युद्ध ने तोड़ा पाकिस्तानी फैंस का दिल, अब बिना दर्शकों के होगा PSL 2026 का आयोजन

पाकिस्तान के क्रिकेट फैंस के लिए एक बड़ी दुखभरी खबर सामने आ रही है. ईरान युद्ध के चलते PSL 2026 का आयोजन अब बिना दर्शकों के होगा...

Calendar
फॉलो करें:
Courtesy: X

क्रिकेट फैंस के लिए एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है. 26 मार्च से शुरू होने वाले पाकिस्तान सुपर लीग PSL 2026 पर पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध का गहरा असर पड़ा है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने रविवार को एक अहम घोषणा करते हुए बताया कि इस साल का पीएसएल बिना दर्शकों के, बंद दरवाज़ों के पीछे खेला जाएगा. 

क्या है इस बड़े फैसले की वजह?

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और संघर्ष के कारण तेल आपूर्ति के मुख्य रास्ते बाधित हो गए हैं, जिससे पाकिस्तान में ईंधन का भारी संकट पैदा हो गया है. इस स्थिति को देखते हुए सरकार ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी यात्राओं को सीमित रखें. सुरक्षा एजेंसियों के साथ गहन विचार-विमर्श के बाद पीसीबी ने यह कड़ा कदम उठाया है. पीसीबी प्रमुख नकवी ने स्पष्ट किया कि जब देश में लोगों से आवाजाही कम करने की अपील की जा रही है, तो ऐसे में हजारों फैंस को रोजाना मैच देखने के लिए स्टेडियम में आने की इजाजत देना बिल्कुल अव्यावहारिक होता. अगर स्टेडियम के दरवाज़े दर्शकों के लिए खुले रहते, तो वाहनों की भारी आवाजाही से देश का ईंधन संकट और भी अधिक गहरा सकता था.

महज दो शहरों तक सिमटा टूर्नामेंट

इस बार का पीएसएल अपनी मूल योजना से काफी अलग होगा. पहले यह तय था कि टूर्नामेंट छह अलग-अलग स्टेडियमों में होम और अवे फॉर्मेट में खेला जाएगा, लेकिन अब मैचों का आयोजन केवल लाहौर और कराची के स्टेडियमों में ही किया जाएगा. इसके अलावा, लॉजिस्टिक्स  में बदलाव और खर्चों में कटौती करने के उद्देश्य से लाहौर में होने वाला भव्य उद्घाटन समारोह भी पूरी तरह रद्द कर दिया गया है.

फैंस और फ्रेंचाइजियों को मिलेगा मुआवजा

खाली स्टेडियमों में मैच होने से जाहिर तौर पर फ्रेंचाइजियों को राजस्व का भारी नुकसान होगा. हालांकि, पीसीबी ने आश्वासन दिया है कि टिकटों की बिक्री न होने से जो भी आर्थिक नुकसान होगा, उसकी भरपाई बोर्ड द्वारा फ्रेंचाइज़ियों को की जाएगी. इसके साथ ही, जिन क्रिकेट प्रेमियों ने पहले ही मैचों के टिकट खरीद लिए थे, उन्हें उनके पैसे पूरी तरह वापस कर दिए जाएंगे. नकवी ने माना कि इस फैसले का सभी संबंधित पक्षों पर असर पड़ेगा, लेकिन मौजूदा हालात में सार्वजनिक सुरक्षा और राष्ट्रीय प्राथमिकताएं सबसे ऊपर हैं.

Tags :