Courtesy: Instagram/@nambiar13
नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर अक्सर सितारों की छोटी-छोटी गतिविधियां भी बड़ी चर्चा का विषय बन जाती हैं. इस बार चर्चा में हैं टीवी और बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री मौनी रॉय और उनके पति सूरज नाम्बियार. दोनों की इंस्टाग्राम एक्टिविटी ने फैंस के बीच हलचल बढ़ा दी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस कपल ने एक-दूसरे को सोशल मीडिया पर अनफॉलो कर दिया है, जिसके बाद उनके रिश्ते को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं.
फैंस उस समय हैरान रह गए जब सोशल मीडिया पर यह खबर सामने आई कि मौनी रॉय और सूरज नाम्बियार अब इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को फॉलो नहीं कर रहे हैं. यही नहीं, दावा किया जा रहा है कि मौनी ने अपने अकाउंट से सूरज के साथ की कई तस्वीरें और शादी से जुड़ी पोस्ट भी हटा दी हैं. इन खबरों के सामने आने के बाद इंटरनेट पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया. कई यूजर्स ने इसे उनके रिश्ते में दूरी का संकेत माना, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि यह सिर्फ सोशल मीडिया बदलाव हो सकता है. हालांकि, सूरज के इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर अब भी मौनी की कुछ तस्वीरें दिखाई दे रही हैं, जिससे फैंस और ज्यादा कन्फ्यूज हो गए हैं.
सोशल मीडिया पर एक और बात तेजी से वायरल हो रही है. कहा जा रहा है कि अभिनेत्री दिशा पटानी ने भी सूरज नाम्बियार को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो कर दिया है. इसके बाद लोगों ने कई तरह के अनुमान लगाने शुरू कर दिए. हालांकि, इस मामले में किसी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. फैंस लगातार सूरज के पुराने पोस्ट्स पर कमेंट कर रहे हैं और दोनों के रिश्ते के बारे में सवाल पूछ रहे हैं.
दिलचस्प बात यह है कि पिछले कुछ हफ्तों से फैंस लगातार इस कपल की नई तस्वीरों का इंतजार कर रहे थे. कई लोगों ने सोशल मीडिया पर कमेंट कर उनसे साथ में तस्वीरें पोस्ट करने की अपील भी की थी. ऐसे में अब अचानक अनफॉलो करने की खबरों ने लोगों के शक को और बढ़ा दिया है. हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि दोनों के बीच वास्तव में कोई समस्या है या यह सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित मामला है.
मौनी रॉय और सूरज नाम्बियार की प्रेम कहानी काफी फिल्मी मानी जाती है. दोनों की पहली मुलाकात साल 2019 में दुबई में नए साल के जश्न के दौरान हुई थी. इसके बाद दोनों करीब आए और लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट किया. करीब तीन साल तक रिश्ते में रहने के बाद दोनों ने 27 जनवरी 2022 को गोवा में शादी की थी. उनकी शादी काफी चर्चा में रही थी, क्योंकि इसमें बंगाली और मलयाली दोनों परंपराओं के अनुसार रस्में निभाई गई थीं. शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं और फैंस ने इस जोड़ी को काफी पसंद किया था.
सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के बावजूद मौनी रॉय और सूरज नाम्बियार ने अब तक इस मामले पर कोई बयान जारी नहीं किया है. ऐसे में फैंस आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं.
पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चाओं के बीच मौनी अपने प्रोफेशनल प्रोजेक्ट्स में भी काफी व्यस्त हैं. खबरों के मुताबिक, वह 2026 के कान्स फिल्म फेस्टिवल में रेड कार्पेट पर नजर आने वाली हैं. इसके अलावा वह वरुण धवन के साथ डेविड धवन की फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ में दिखाई देंगी. यह फिल्म 5 जून 2026 को रिलीज होगी. इसके बाद मौनी निर्देशक मधुर भंडारकर की फिल्म ‘द वाइव्स’ में भी नजर आएंगी. फिलहाल फैंस उनकी फिल्मों के साथ-साथ उनकी निजी जिंदगी को लेकर भी लगातार नजर बनाए हुए हैं.