menu-icon
The Bharatvarsh News

दादा की हत्या का भयानक राज, 16 साल के पोते ने दोस्त संग की हत्या फिर नदी में फेंका शव

राजस्थान के पाली में 16 वर्षीय किशोर पर घरेलू विवाद के चलते 85 वर्षीय दादा की हत्या का आरोप है. पुलिस के मुताबिक, शव नदी के पास मिला और पूछताछ में किशोर ने कथित तौर पर वारदात कबूल की.

Calendar Last Updated : 15 August 2026, 03:06 PM IST
Share:

जयपुर: राजस्थान के पाली जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, घरेलू विवाद के चलते 16 साल के एक किशोर ने कथित तौर पर अपने 85 वर्षीय दादा की हत्या कर दी और इसके बाद उसने अपने दोस्त की मदद से बुजुर्ग के शव को नदी में फेंक दिया. जानकारी के अनुसार, इस मामले में नाबालिग को हिरासत में लिया गया है, जबकि उसके दोस्त और खेत में चौकीदारी करने वाले 50 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है.

कब हुई ये घटना 

पुलिस के अनुसार, यह घटना 10 अगस्त की है. दो दिन बाद, 12 अगस्त को स्थानीय लोगों की सूचना पर नदी के पास से बुजुर्ग का शव बरामद किया गया. शव की जांच के दौरान सीने पर चाकू के घाव मिले, जबकि गला दबाए जाने के भी निशान दिखाई दिए. इसके बाद पुलिस ने शव की पहचान कर परिवार के लोगों से पूछताछ शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने परिवार से पूछा कि बुजुर्ग के लापता होने की जानकारी तुरंत क्यों नहीं दी गई, जिस दौरान पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में किशोर के व्यवहार को लेकर शक हुआ. बताया जा रहा है कि वह घबरा गया और बाद में उसने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार कर ली.

कैसे दिया हत्या को अंजाम 

पुलिस ने किशोर का मोबाइल फोन भी जांच के लिए लिया है. इसमें कथित तौर पर हत्या करने के तरीकों और गर्दन पर दबाव डालने से मौत होने से जुड़ी ऑनलाइन सर्च मिलीं. पुलिस इन जानकारियों को जांच में अहम सुराग मान रही है. इसके साथ ही पुलिस के मुताबिक, किशोर ने पूछताछ में बताया कि उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर बुजुर्ग पर चाकू और स्क्रूड्राइवर से हमला किया था. इसके बाद शव को एक बोरी में रखा गया और स्कूटर से नदी के पास ले जाया गया. आरोप है कि दोनों ने शव को पानी में फेंका और फिर घर लौटकर सो गए. 

किसके साथ रहता था बुजुर्ग व्यक्ति 

जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग के चार बेटे थे, जिनमें से दो मुंबई में अपने परिवार के साथ रहते हैं, जबकि दो बेटों की पहले ही मौत हो चुकी है. बुजुर्ग गांव में अपनी दो बहुओं और पोते-पोतियों के साथ रह रहे थे. मुंबई में रहने वाले दोनों बेटों को 13 अगस्त को सोशल मीडिया के जरिए पिता की मौत की जानकारी मिली. इसके बाद उन्होंने पुलिस थाने पहुंचकर हत्या की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस अब हत्या के पीछे की असली वजह और मामले में अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है. 

सम्बंधित खबर

Recent News