Courtesy: Lajk.rs (pinterest)
नई दिल्ली: देशभर में आम जनता को महंगाई का एक और बड़ा झटका लगा है. सरकारी तेल कंपनियों ने लगातार दूसरी बार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है. इंडियन ऑयल, बीपीसीएल और एचपीसीएल द्वारा जारी नए रेट के मुताबिक दिल्ली समेत कई बड़े शहरों में ईंधन महंगा हो गया है, जबकि एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है.
तेल कंपनियों की ओर से जारी ताजा दरों के अनुसार, दिल्ली में पेट्रोल 0.87 रुपये प्रति लीटर महंगा होकर 98.64 रुपये पहुंच गया है. वहीं डीजल की कीमत में 0.91 रुपये का इजाफा हुआ है. विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और रुपये की कमजोरी का असर अब सीधे घरेलू बाजार पर दिखने लगा है.
कोलकाता में पेट्रोल 109.70 रुपये और डीजल 96.07 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है. पटना में पेट्रोल 109.54 रुपये और डीजल 95.58 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है. वहीं जयपुर में पेट्रोल 108.94 रुपये और डीजल 94.14 रुपये प्रति लीटर हो गया है.
इससे पहले 15 मई को भी पेट्रोल और डीजल के दाम में 3-3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी. तेल कंपनियों का कहना है कि लगातार बढ़ती लागत के कारण उन पर आर्थिक दबाव बना हुआ है. पहले कंपनियों का दैनिक घाटा करीब 1,000 करोड़ रुपये था, जो अब घटकर लगभग 750 करोड़ रुपये प्रतिदिन रह गया है.
पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने साफ कहा कि तेल कंपनियों को राहत देने के लिए फिलहाल किसी सरकारी सब्सिडी पैकेज पर विचार नहीं हो रहा है. कंपनियां अब भी पेट्रोल, डीजल और LPG को लागत से कम कीमत पर बेच रही हैं.
अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बाद वैश्विक तेल सप्लाई प्रभावित हुई है. इससे कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है. विशेषज्ञों का मानना है कि हालिया बढ़ोतरी से तेल कंपनियों को सीमित राहत मिलेगी, लेकिन आम लोगों पर महंगाई का बोझ और बढ़ सकता है.