Courtesy: Pinterest
नई दिल्ली: भारतीय सर्राफा बाजार में इस हफ्ते भारी हलचल देखने को मिली है। सोने और चांदी दोनों ही कीमती धातुओं के दामों में जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया, जिससे बाजार का पारा चढ़ गया है। वीकली बेसिस पर सोने के दामों में ऐतिहासिक तेजी आई है, जहां अलग-अलग शहरों में 24 कैरेट गोल्ड की कीमत प्रति 10 ग्राम 7,960 रुपये तक चढ़ गई। वहीं, 22 कैरेट सोने के रेट में भी 7,300 रुपये तक की बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोने के 4,600.91 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर पहुंचने से घरेलू बाजार में भी इसका सीधा असर देखा जा रहा है।
एक हफ्ते में कितना बदला रेट
बीते एक सप्ताह में सोने की सभी श्रेणियों में भारी बढ़त देखी गई है। 16 अगस्त को 24 कैरेट सोने का भाव 1,55,280 रुपये था, जो अब बढ़कर 1,63,240 रुपये हो गया है। इसी तरह 22 कैरेट गोल्ड 1,42,350 रुपये से छलांग लगाकर 1,49,650 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जिसमें 7,300 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज हुई।
वहीं, 18 कैरेट सोने की कीमत 1,16,500 रुपये से बढ़कर 1,22,470 रुपये हो गई है, यानी इसमें प्रति 10 ग्राम 5,970 रुपये का इजाफा हुआ है।
प्रमुख महानगरों में सोने के ताजा भाव
देश की राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह 24 कैरेट सोने की कीमत 1,63,240 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई, जबकि 22 कैरेट सोना 1,49,650 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया। मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, पुणे और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों में भी सोने के भाव समान रूप से उच्च स्तर पर बने हुए हैं। इन शहरों में 24 कैरेट सोने का भाव 1,63,090 रुपये प्रति 10 ग्राम है, वहीं 22 कैरेट सोना 1,49,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है। गुजरात के अहमदाबाद में 24 कैरेट सोना 1,63,140 रुपये और जयपुर में 1,63,240 रुपये प्रति 10 ग्राम पर टिक गया है। मध्य प्रदेश के इंदौर सराफा बाजार में भी बीते शनिवार को सोने में 1,200 रुपये का उछाल आया, जिससे इसका औसत भाव 1,56,900 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया।
चांदी की कीमतों में रिकॉर्ड तोड़ उछाल
सोने की राह पर चलते हुए चांदी ने भी इस हफ्ते निवेशकों और खरीदारों को चौंकाया है। एक सप्ताह के भीतर चांदी के दामों में 10,000 रुपये प्रति किलोग्राम की भारी तेजी देखने को मिली है। इस उछाल के साथ 23 अगस्त की सुबह देश में चांदी का भाव 2,60,000 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गया। वैश्विक मोर्चे पर स्पॉट सिल्वर यानी हाजिर चांदी की कीमत 69.87 डॉलर प्रति औंस दर्ज की गई है।
इंदौर में चांदी का औसत भाव 2,41,500 रुपये प्रति किलोग्राम रहा। विशेषज्ञों का मानना है कि भारतीय बाजार में कीमती धातुओं की यह अनपेक्षित तेजी केवल स्थानीय मांग पर निर्भर नहीं है। वैश्विक आर्थिक संकेतों, अंतरराष्ट्रीय बाजारों की हलचल और विदेशी मुद्रा दरों में बदलाव जैसे अंतरराष्ट्रीय फैक्टर्स घरेलू बाजार को सीधे तौर पर प्रभावित कर रहे हैं।