menu-icon
The Bharatvarsh News

5.9 तीव्रता से हिला पूर्वी जापान, 5 लोग घायल, जानिए सुनामी को लेकर आया बड़ा अपडेट

रविवार तड़के 5.9 तीव्रता के भूकंप ने टोक्यो समेत पूर्वी जापान को हिला दिया. कई लोग घायल हुए, बिजली और रेल सेवाएं प्रभावित रहीं, जबकि अधिकारियों ने सुनामी और परमाणु संयंत्रों को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी.

Calendar Last Updated : 23 August 2026, 10:19 AM IST
Share:

नई दिल्ली: रविवार तड़के जापान की धरती एक बार फिर भूकंप के झटकों से कांप उठी. राजधानी टोक्यो और आसपास के इलाकों में तेज झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में अफरातफरी मच गई. 5.9 तीव्रता के इस भूकंप में कम से कम पांच लोगों के घायल होने की खबर है. कई जगह बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई और कुछ रेल सेवाओं में भी देरी हुई. राहत की बात यह रही कि अधिकारियों ने सुनामी का कोई खतरा नहीं बताया है. जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, भूकंप का केंद्र दक्षिणी इबाराकी प्रांत में जमीन से करीब 70 किलोमीटर नीचे था. यह इलाका जापान के उन क्षेत्रों में शामिल है, जहां अक्सर भूकंपीय गतिविधियां देखने को मिलती हैं.

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने भूकंप की तीव्रता 5.9 दर्ज की. वहीं, जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज ने इसे 5.8 तीव्रता का बताया और कहा कि इसका केंद्र होंशू के पूर्वी तट के पास करीब 78 किलोमीटर की गहराई में था. अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने भी शुरुआती तौर पर तीव्रता 5.8 दर्ज की. भूकंप के झटके टोक्यो के अलावा इबाराकी, चिबा और सैतामा प्रांतों में भी महसूस किए गए.

पांच लोग घायल, नुकसान का आकलन जारी

अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन एजेंसी के मुताबिक, इबाराकी, चिबा और सैतामा में कम से कम पांच लोग घायल हुए हैं. अधिकारियों का कहना है कि अन्य लोगों के घायल होने की भी जानकारी मिल रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है. झटके महसूस होते ही लोगों के मोबाइल फोन पर आपातकालीन भूकंप अलर्ट पहुंचने लगे. टोक्यो में भी कंपन काफी तेज महसूस किया गया, जिससे लोग सतर्क हो गए.

कई सेवाएं हुई बाधित

भूकंप के कारण टोक्यो और नारिता एयरपोर्ट के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं. पूर्वोत्तर जापान की कुछ स्थानीय ट्रेनों में भी देरी दर्ज की गई. हालांकि, राहत की बात यह रही कि शिंकांसेन बुलेट ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं. ईस्ट जापान रेलवे कंपनी ने बताया कि बुलेट ट्रेनों के संचालन पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा. एनएचके के फुटेज के अनुसार, टोक्यो के कोटो वार्ड में एक भूमिगत पानी की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे सड़क पर पानी फैल गया. भूकंप के बाद टोक्यो में करीब 460 घरों की बिजली कुछ समय के लिए चली गई. टेपको पावर ग्रिड ने बाद में बताया कि रविवार सुबह तक प्रभावित इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई.

सरकार ने बनाई टास्क फोर्स, परमाणु संयंत्रों में कोई गड़बड़ी नहीं

प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने बताया कि सरकार ने भूकंप से हुए संभावित नुकसान की जानकारी जुटाने के लिए एक विशेष टास्क फोर्स बनाई है. परमाणु नियामक प्राधिकरण ने कहा कि करीब एक दर्जन परमाणु ऊर्जा संयंत्रों और परमाणु सामग्री से जुड़ी अन्य सुविधाओं से किसी असामान्य स्थिति की सूचना नहीं मिली है. अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. यह भूकंप एक महीने पहले क्यूशू के कुमामोटो क्षेत्र में आए शक्तिशाली भूकंप के बाद आया है, जिसमें भारी जनहानि और बड़े पैमाने पर संपत्ति को नुकसान हुआ था.

सम्बंधित खबर

Recent News