Courtesy: Youtube/ RKD Studios
मुंबई: अक्षय खन्ना एक बार फिर अपने नए और अलग अंदाज से दर्शकों को चौंकाने वाले हैं. बता दें, फिल्म ‘धुरंधर’ में रहमान डकैत का किरदार निभाकर चर्चा में आए अक्षय अब फिल्म ‘महाकाली’ में शुक्राचार्य की भूमिका निभाते नजर आएंगे. वहीं आज यानी सोमवार, 24 अगस्त को फिल्म का फर्स्ट ग्लिम्प्स जारी किया गया, इसके साथ ही इसकी रिलीज डेट भी सामने आ गई है.
RKD स्टूडियोज के ऑफिसियल यूट्यूब चैनल पर शेयर किए गए करीब 2 मिनट 55 सेकंड के इस वीडियो को ‘शुक्राचार्य का युद्धघोष’ नाम दिया गया है. झलक की शुरुआत में धर्म और अधर्म के बीच छिड़ने वाली जंग के माहौल से होती है. वहीं इस झलक में यूजर्स का सबसे ज्यादा ध्यान अक्षय खन्ना के लुक पर जा रहा है, जिसने फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट बढ़ा दी है.
सामने आए वीडियो में अक्षय को पहली नजर पहचानना में आसान नहीं है. एक्टर के लुक की बात करें तो लंबे सफेद बाल, घनी दाढ़ी और पारंपरिक कपड़ों में उनका लुक काफी अलग और खौफनाक दिखाई दे रहा है. उनकी गंभीर आंखें और दमदार स्क्रीन प्रेजेंस शुक्राचार्य के किरदार को और दमदार बना रही है. हालांकि मेकर्स ने फिल्म की कहानी को अभी तक पूरी तरह दर्शकों के सामने नहीं रखा है, लेकिन झलक से साफ है कि फिल्म में एक बड़े युद्ध की कहानी देखने को मिलेगी और शुक्राचार्य इस संघर्ष में अहम भूमिका निभा सकते हैं. वीडियो में बड़े सेट, युद्ध के दृश्य और शानदार विजुअल इफेक्ट्स भी देखने को मिलते हैं.
फिल्म में अक्षय खन्ना के साथ श्रीया रेड्डी, भूमि शेट्टी और रोहित सराफ भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. बता दें, इस झलक में श्रीया रेड्डी की भी एक झलक देखने को मिलती है, जिसने फिल्म को लेकर लोगों की उत्सुकता और बढ़ा दी है.
‘महाकाली’ 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म का निर्देशन पूजा अपर्णा कोल्लुरु कर रही हैं और इसे रिवाज रमेश दुग्गल ने RKD Studios के बैनर तले प्रोड्यूस किया है. यह फिल्म प्रशांत वर्मा सिनेमैटिक यूनिवर्स का हिस्सा है, जिसकी शुरुआत ‘हनु-मन’ से हुई थी. फिल्म की पहली झलक सामने आने के बाद अब फैंस को इसके ट्रेलर और कहानी से जुड़े अगले अपडेट का इंतजार है.