Courtesy: X (ANI)
नई दिल्ली: इस महीने फ्रांस में होने वाले आगामी G7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच एक बेहद महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक होने की उम्मीद है. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट के जरिए सम्मेलन में अपनी हिस्सेदारी की पुष्टि की है.
फाइट इवेंट की मेजबानी
दिलचस्प बात यह है कि ट्रंप ने बताया कि वह 14 जून को व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में एक अभूतपूर्व UFC वर्ल्ड चैंपियनशिप फाइट इवेंट की मेजबानी करने के तुरंत बाद फ्रांस के लिए रवाना होंगे. उन्होंने इस खेल आयोजन को अमेरिकी इतिहास की सबसे मनोरंजक रातों में से एक बताया है.
भारतीय पक्ष से आधिकारिक मुहर का इंतजार
यह हाई-प्रोफाइल जी7 शिखर सम्मेलन 15 से 17 जून तक फ्रांस के खूबसूरत शहर एवियां-ले-बैं में आयोजित होने जा रहा है. फ्रांस ने इस वैश्विक मंच पर भारत को एक पार्टनर नेशन के रूप में विशेष तौर पर आमंत्रित किया है. भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर और फ्रांस के यूरोप एवं विदेश मामलों के मंत्री जीन-नोएल बैरोट के बीच हुई बैठक के बाद फ्रांसीसी पक्ष ने पीएम मोदी की भागीदारी की पुष्टि की.
आधिकारिक मुहर लगना बाकी
फ्रांसीसी विदेश मंत्रालय द्वारा जारी बयान के अनुसार दोनों मंत्रियों ने एवियां शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी की भागीदारी का स्वागत किया और मैक्रोइकॉनॉमिक असंतुलन व अंतर्राष्ट्रीय एकजुटता जैसे वैश्विक मुद्दों पर भारत के योगदान की सराहना की. भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से अभी इस पर आधिकारिक मुहर लगना बाकी है.
भारत-अमेरिका व्यापारिक रिश्तों को मिल सकती है नई दिशा
प्रधानमंत्री मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की आखिरी मुलाकात पिछले साल फरवरी में पीएम मोदी की अमेरिकी यात्रा के दौरान हुई थी. उसके बाद से ट्रंप प्रशासन द्वारा लगाए गए टैरिफ अटके हुए व्यापार समझौते और रूस से तेल खरीदने को लेकर वाशिंगटन की लगातार बयानबाजी के कारण दोनों देशों के राजनयिक संबंधों में थोड़ी कड़वाहट आई थी. दोनों नेता फोन के जरिए लगातार संपर्क में रहे हैं. वर्तमान में अधर में लटके भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर भी इस बैठक में कोई बड़ा गतिरोध टूटने की उम्मीद जताई जा रही है.