menu-icon
The Bharatvarsh News

Petrol Diesel Price Today: कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोत्तरी, जानें आपके शहर में आज पेट्रोल-डीजल का रेट

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के बेहद करीब पहुंच चुकी हैं. लाल सागर में यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब के दो तेल टैंकरों पर किए गए मिसाइल और ड्रोन हमलों ने वैश्विक सप्लाई चेन के लिए संकट खड़ा कर दिया है.

Calendar Last Updated : 23 July 2026, 11:37 AM IST
Share:

नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के बेहद करीब पहुंच चुकी हैं. लाल सागर में यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब के दो तेल टैंकरों पर किए गए मिसाइल और ड्रोन हमलों ने वैश्विक सप्लाई चेन के लिए संकट खड़ा कर दिया है. इसके चलते ब्रेंट क्रूड तेजी से उछलकर 95.74 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया है. जबकि अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड भी 88.06 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है.

भारत में 25 मई के बाद से नहीं बदले दाम

वैश्विक बाजार में मची इस उथल-पुथल के बावजूद भारतीय उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात यह है कि देश में लंबे समय से पेट्रोल और डीजल के दाम स्थिर बने हुए हैं. भारत में आखिरी बार 25 मई को ईंधन की दरों में बदलाव किया गया था. उस दौरान  सरकारी तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने पेट्रोल की कीमत में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 2.71 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी. तब से लेकर आज गुरुवार, 23 जुलाई तक घरेलू बाजार में ईंधन की कीमतें जस की तस बनी हुई हैं.

दिल्ली और मुंबई में ईंधन का मौजूदा हाल

देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 100 रुपये के आंकड़े को पार कर 102.12 रुपये प्रति लीटर पर बिक रहा है, जबकि यहां डीजल की कीमत 95.20 रुपये प्रति लीटर है. वहीं देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल की कीमतें 110 रुपये के निशान से काफी ऊपर बनी हुई हैं, जहां ग्राहकों को 111.21 रुपये प्रति लीटर पेट्रोल और 97.83 रुपये प्रति लीटर डीजल मिल रहा है.

कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु और पटना के रेट

देश के अन्य प्रमुख शहरों में भी ईंधन की दरें मई महीने के स्तर पर ही टिकी हुई हैं. पूर्वी भारत के कोलकाता शहर में पेट्रोल 113.51 रुपये और डीजल 99.82 रुपये प्रति लीटर दर्ज किया गया है. बिहार की राजधानी पटना की बात करें तो यहां पेट्रोल 113.35 रुपये और डीजल 99.30 रुपये प्रति लीटर के भाव पर उपलब्ध है. दक्षिण भारत के महानगरों में बेंगलुरु में पेट्रोल 110.93 रुपये व डीजल 98.80 रुपये प्रति लीटर है, जबकि चेन्नई में पेट्रोल 107.77 रुपये और डीजल 99.55 रुपये प्रति लीटर की दर से बिक रहा है.

भारतीय तेल कंपनियों पर दबाव

एएनजेड ग्रुप होल्डिंग्स के कमोडिटी रणनीतिकार डैनियल हाइन्स के अनुसार, समुद्री मार्गों में रुकावट आने से तेल की किल्लत और ज्यादा गहरा सकती है. हालांकि भारत में फिलहाल पेट्रोलियम कंपनियों ने घरेलू स्तर पर ईंधन के दाम स्थिर रखे हैं, लेकिन यदि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर के पार टिकी रहती हैं, तो आने वाले दिनों में भारतीय तेल विपणन कंपनियों पर भी कीमतें संशोधित करने का भारी दबाव बन सकता है.

सम्बंधित खबर

Recent News