menu-icon
The Bharatvarsh News

Janmashtami 2026: बाजार की महंगी ड्रेस को कहें बाय, सिर्फ ₹20 में घर पर बनाएं कान्हा की प्यारी पोशाक

जन्माष्टमी का पावन पर्व नजदीक हैं। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप, यानी लड्डू गोपाल को विशेष रूप से सजाया-संवारा जाता है। यहां जानिए घर पर बचे हुए कपड़ों से आप कैसे प्यारी सी पोशक बना सकते हैं।

Calendar Last Updated : 29 August 2026, 02:30 PM IST
Share:

नई दिल्ली: जन्माष्टमी का पावन पर्व नज़दीक हैं। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप, यानी लड्डू गोपाल को विशेष रूप से सजाया-संवारा जाता है। भक्त अपने आराध्य को नई और आकर्षक पोशाक पहनाने के लिए बाजारों के चक्कर लगाते हैं। लेकिन, बाजार से महंगी ड्रेस खरीदने के बजाय, इस बार आप अपने हाथों से कान्हा के लिए एक प्यारी सी पोशाक तैयार कर सकते हैं। घर में उपलब्ध थोड़े से कपड़े और कुछ सामान्य सजावटी सामान के इस्तेमाल से, आप न सिर्फ पैसे बचा सकते हैं, बल्कि अपनी कल्पना के अनुसार अपने कान्हा के लिए मनचाहे रंग और डिजाइन की ड्रेस भी बना सकते हैं। आइए जानते हैं इसे घर पर बनाने का सरल तरीका।

सही कपड़े का चुनाव

अपने नन्हें मेहमान के लिए पोशाक बनाने की शुरुआत सही कपड़े के चुनाव से होती है। आप अपनी पसंद का कॉटन या सिल्क का कोई भी मुलायम कपड़ा ले सकते हैं। 

ऐसा फैब्रिक चुनें जो कान्हा को चुभे नहीं। कपड़े के अलावा, आपको अस्तर, सजाने के लिए गोटा-पट्टी या लेस, सुई-धागा (या सिलाई मशीन), बांधने के लिए डोरी, कैंची और नापने के लिए इंच टेप की आवश्यकता होगी।

घेरदार लहंगे से करें शुरुआत

ड्रेस का सबसे आकर्षक हिस्सा उसका घेर होता है। सबसे पहले, अपने लड्डू गोपाल के आकार के अनुसार कपड़े की एक लंबी पट्टी काट लें। इसके नीचे अस्तर का कपड़ा रखकर दोनों को एक साथ सिल लें। ड्रेस को और भी सुंदर बनाने के लिए किनारों पर अपनी मनपसंद गोटा-पट्टी या लेस लगा दें। अब, इस पट्टी में एक समान दूरी पर छोटी-छोटी प्लेट्स (चुन्नटें) डालते जाएं और ऊपर की तरफ से सिलाई कर दें। कुछ ही देर में, आपकी पोशाक का खूबसूरत और फूला हुआ घेर तैयार हो जाएगा।

फिटिंग के लिए डोरी का इस्तेमाल और चोली

घेर तैयार होने के बाद, उसके ऊपरी हिस्से में कपड़े को मोड़कर बनाई गई पट्टी लगाएं। इसके अंदर एक डोरी डाल दें। सिलाई करते समय डोरी पर टांका न लगे, ताकि इसे आसानी से खींचा जा सके। इससे आप ड्रेस को कान्हा जी की कमर के हिसाब से आराम से बांध पाएंगे। अब बारी है चोली बनाने की। इसके लिए कपड़े के दो छोटे टुकड़ों को आपस में जोड़ें। उनके किनारों को हल्का सा मोड़कर सिल लें। अब इस तैयार चोली को घेर के बिल्कुल बीच में रखकर मजबूती से टांक दें।

पोशाक को पूरी तरह तैयार करने के लिए, उसी कपड़े से एक मैचिंग कैप भी बनाएं। कपड़े की एक पतली सी पट्टी लें और उसमें छोटी-छोटी फ्रिल (चुन्नटें) डाल लें। अब इसे गोल आकार देते हुए सिलें और ऊपर के हिस्से को धागे से कसकर बांध दें। इस तरह, बहुत ही कम समय और खर्च में, आपके हाथों से बनी प्रेम और भक्ति से भरपूर यह पोशाक तैयार है। इस जन्माष्टमी, अपने हाथों से बनी ड्रेस पहनाकर बाल गोपाल का शृंगार करें।

सम्बंधित खबर

Recent News