चंडीगढ़: पंजाब में कानून-व्यवस्था की मजबूत स्थिति और सुरक्षित माहौल के चलते औद्योगिक विकास की रफ्तार तेज हो गई है. पंजाब पुलिस द्वारा अपनाए गए लोक-केंद्रित और आधुनिक पुलिसिंग मॉडल के कारण न केवल आम नागरिकों बल्कि राज्य के बड़े उद्योगपतियों में भी सुरक्षा की भावना बेहद मजबूत हुई है.
अपराध के खिलाफ चलाए गए अभियान
राज्य की औद्योगिक राजधानी लुधियाना इस बदलाव की सबसे बड़ी मिसाल बनकर उभरा है. जहां पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संगठित अपराध के खिलाफ चलाए गए अभियानों की कारोबारी जगत खुलकर सराहना कर रहा है. पंजाब के डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस गौरव यादव के नेतृत्व में पुलिस बल ने अपराधियों के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार किया है. जिसका सीधा सकारात्मक असर राज्य के आर्थिक परिदृश्य पर दिखने लगा है.
फिरौती और जमीन कब्जे के डर से मिली मुक्ति
लुधियाना के प्रमुख उद्योगपतियों ने पुलिसिंग प्रणाली में आए इस व्यावहारिक बदलाव को लेकर अपने अनुभव साझा किए हैं. सूद ने बताया, व्यापारिक दृष्टिकोण से पंजाब पुलिस ने हमें एक मजबूत सुरक्षा कवच दिया है. हाल ही में कुछ असामाजिक तत्वों ने हमारी जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया था. लेकिन पुलिस ने सूचना मिलते ही कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंचकर सख्त कार्रवाई की. उनके साझेदार संचित सूद ने कहा कि अब राज्य में फिरौती के लिए आने वाले धमकी भरे फोन कॉल्स जैसी घटनाएं पूरी तरह बंद हो चुकी हैं. जिससे कानून-व्यवस्था पर भरोसा बढ़ा है.
अध्यक्ष सुभाष चंद्र रलहान ने क्या कहा
लगभग चालीस वर्षों से लुधियाना में उद्योग चला रहे अरुण शर्मा के मुताबिक अब आम आदमी या व्यापारी के मन से पुलिस के पास जाने का डर पूरी तरह खत्म हो चुका है. वहीं, लुधियाना हैंड टूल्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष चंद्र रलहान ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में लूटपाट की वारदातों में भारी कमी आई है और व्यापारियों की मांग पर पुलिस बहुत कम समय में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर देती है.
57,000 करोड़ का रिकॉर्ड निवेश और वैश्विक संपर्क
पुलिस द्वारा बनाए गए इसी सुरक्षित और स्थिर माहौल का नतीजा है कि पिछले एक वर्ष के दौरान पंजाब ने 57,000 करोड़ का भारी-भरकम निवेश आकर्षित किया है. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान भी राज्य के औद्योगिक ढांचे को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने के लिए वैश्विक निवेशकों के साथ सीधे संपर्क में हैं.
पंजाब पुलिस तकनीक का सहारा
आधुनिक अपराधों से निपटने के लिए पंजाब पुलिस तकनीक का सहारा ले रही है. लुधियाना में हाल ही में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की शुरुआत की गई है. यह हाई-टेक केंद्र ट्रैफिक की निगरानी पुलिस कंट्रोल रूम के संचालन और सुरक्षा कैमरों की ट्रैकिंग को एक ही छत के नीचे प्रबंधित करता है. जिससे पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम बहुत कम हो गया है.
डीजीपी गौरव यादव का बयान
पंजाब पुलिस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग से लेकर सीधे संवाद कार्यक्रमों के जरिए समाज के हर वर्ग तक पहुंच रही है ताकि हर नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस कर सके. लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने बताया कि 'ऑपरेशन गैंगस्टरां ते वार' के तहत पिछले चार महीनों में अपराधियों के खिलाफ एक व्यापक अभियान चलाया गया है.
गैंगस्टर नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त
सीमावर्ती राज्य होने की चुनौतियों के बावजूद विदेशों या सुरक्षित ठिकानों पर बैठकर पंजाब के युवाओं को गुमराह करने वाले गैंगस्टर नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा रहा है. पुलिस अब मोहल्लों, स्कूलों, डॉक्टरों और एनजीओ के साथ नियमित बैठकें कर जनभागीदारी को बढ़ावा दे रही है, जिससे 'सुरक्षित पंजाब, सफल पंजाब' का सपना सच हो रहा है.