नई दिल्ली: करीब चार साल बाद मुंबई महा नगर पालिका में फिर से चुनी हुई सरकार बनने जा रही है और इसके साथ ही शहर की राजनीति में एक नया अध्याय खुलने वाला है. मुंबई की सियासत में लंबे समय से चल रहा रहस्य आखिरकार खत्म हो गया. यहां पर महायुति गठबंधन ने अपना दांव चल दिया है.
भाजपा अध्यक्ष अमित सतम ने शुक्रवार को ऐलान किया कि भाजपा पार्षद रितु तावड़े को महायुति की ओर से मुंबई महापौर पद का उम्मीदवार बनाया गया है. वहीं, गठबंधन सहयोगी शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) ने उप महापौर पद के लिए पार्षद संजय घड़ी को मैदान में उतारा है. बता दें महापौर का चुनाव 11 फरवरी को होना है.
महापौर का पद इस बार सामान्य वर्ग की महिला के लिए आरक्षित है. इसी को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने अनुभवी नेता रितु तावड़े को चुना है. घाटकोपर से तीन बार पार्षद रह चुकीं तावड़े इससे पहले बीएमसी की शिक्षा समिति की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं. वह नगर प्रशासन का अच्छा अनुभव भी रखती हैं. मौजूदा संख्या बल को देखते हुए उनकी जीत लगभग तय मानी जा रही है. अगर वे चुनी जाती हैं, तो 1982-83 में प्रभाकर पाई के बाद वे मुंबई की दूसरी भाजपा महापौर होंगी.
BJP corporator Ritu Tawde will be next Mayor of Mumbai.
— Pranshu Shukla🇮🇳 (@pranshu_sp) February 7, 2026
For the first time in 4 decades BJP to have its Mayor in financial capital.
𝐒𝐡𝐢𝐯 𝐒𝐞𝐧𝐚 𝐩𝐢𝐜𝐤𝐬 𝐒𝐚𝐧𝐣𝐚𝐲 𝐆𝐡𝐚𝐝𝐢 𝐟𝐨𝐫 𝐃𝐞𝐩𝐮𝐭𝐲. pic.twitter.com/HNsi8FHSlj
महायुति के समझौते के अनुसार, उप महापौर का पद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को मिलेगा. दहिसर से पार्षद संजय घड़ी इस पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगे. संभावना है कि शिवसेना कार्यकाल को विभाजित कर अपने अन्य पार्षदों को भी मौका दे.
मुंबई के 78वें महापौर का चुनाव 11 फरवरी को दोपहर 12 बजे बीएमसी मुख्यालय में होगा. इसके साथ ही नगर निगम में करीब चार वर्षों से चला आ रहा प्रशासकीय शासन समाप्त हो जाएगा. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि जनवरी में हुए चुनावों में भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की. इस चुनाव में भाजपा को 89 सीट मिली जबकि शिवसेना (शिंदे गुट) को 29 सीटें मिलीं.