menu-icon
The Bharatvarsh News

दिल्ली में पुलिस टीम पर खौफनाक हमला, आंखों में मिर्च पाउडर झोंका, ईंट-डंडों से किया वार

दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में बाइक सीज करने को लेकर विवाद हिंसक हो गया. आरोप है कि कुछ लोगों ने तीन पुलिसकर्मियों पर मिर्च पाउडर और ईंट-डंडों से हमला किया. पुलिस ने एक नाबालिग को पकड़कर जांच शुरू कर दी है.

Calendar Last Updated : 23 August 2026, 11:43 AM IST
Share:

नई दिल्ली: दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में बाइक की चेकिंग और उसे सीज करने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ लोगों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर ही हमला कर दिया. आरोप है कि भीड़ ने पुलिसवालों की आंखों में मिर्च पाउडर डाला और लाठी-डंडों व ईंटों से उनकी पिटाई की. घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसे मौके पर मौजूद एक स्थानीय व्यक्ति ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया था.

पुलिस के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 3 बजे भलस्वा डेयरी थाने के बीट स्टाफ में तैनात हेड कॉन्स्टेबल दिनेश और हेड कॉन्स्टेबल राजेश मुकुंदपुर के जनता विहार इलाके में गश्त कर रहे थे. इसी दौरान चेकिंग में एक ऐसी बाइक मिली, जिसके जरूरी दस्तावेज मौजूद नहीं थे. पुलिसकर्मियों ने नियम के अनुसार बाइक को कब्जे में लिया और डीपी एक्ट की धारा 66 के तहत कार्रवाई के लिए थाने ले आए. करीब आधे घंटे बाद जब दोनों पुलिसकर्मी दोबारा ड्यूटी पर पहुंचे, तभी बाइक मालिक, उसके परिवार के कुछ सदस्य और अन्य लोग वहां पहुंच गए.

मिर्च पाउडर डालकर पुलिस पर हमला

पुलिस का कहना है कि बाइक सीज किए जाने को लेकर लोगों ने पुलिसकर्मियों से बहस शुरू कर दी. कुछ ही देर में विवाद हिंसक हो गया और आरोपियों ने दोनों पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया. इसके बाद लाठी-डंडों और ईंटों से हमला किया गया. दोनों पुलिसकर्मियों को बचाने पहुंचे हेड कॉन्स्टेबल टीनू को भी हमले का सामना करना पड़ा. इस घटना में तीनों पुलिसकर्मी घायल हो गए. हेड कॉन्स्टेबल दिनेश के सिर में चोट आई है. उन्हें इलाज के लिए मेडिकल सहायता दी गई और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.

नाबालिग गिरफ्तार, बाकी आरोपी फरार

हमले के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से 17 वर्षीय एक नाबालिग को मौके से पकड़ लिया. हालांकि, घटना में शामिल बाकी लोग वहां से फरार हो गए. पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है. भलस्वा डेयरी थाने में इस मामले में BNS की धारा 221, 132, 121(1), 110, 61 और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है.

मुख्य आरोपी पर पहले से दर्ज हैं मामले

पुलिस के मुताबिक, इस मामले का मुख्य आरोपी सुनील उर्फ पंकज अभी फरार है. उसे इलाके का घोषित अपराधी यानी BC बताया गया है. पुलिस का दावा है कि उसके खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें NDPS एक्ट और गंभीर अपराधों से जुड़े दो मामले भी शामिल हैं. पुलिस ने कहा है कि ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों के काम में बाधा डालने और उन पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

सम्बंधित खबर

Recent News