menu-icon
The Bharatvarsh News

पाकिस्तान में इमरान खान को लेकर गुप्त बैठक! विरोध प्रदर्शनों पर सख्त रणनीति तैयार

पाकिस्तान की सियासत एक बार फिर उथल-पुथल में है. पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को लेकर चल रही चर्चाएँ, अफवाहें और बढ़ती चिंता के बीच सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर की अगुवाई में देश के शीर्ष अधिकारियों ने एक सीक्रेट इमरजेंसी मीटिंग आयोजित की.

Calendar Last Updated : 29 November 2025, 03:36 PM IST
Share:

Imran Khan: पाकिस्तान की सियासत एक बार फिर उथल-पुथल में है. पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को लेकर चल रही चर्चाएँ, अफवाहें और बढ़ती चिंता के बीच सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर की अगुवाई में देश के शीर्ष अधिकारियों ने एक सीक्रेट इमरजेंसी मीटिंग आयोजित की. सूत्रों का दावा है कि यह बैठक इमरान खान के समर्थकों द्वारा संभावित बड़े प्रदर्शन को रोकने और हालिया घटनाक्रम पर नियंत्रण के लिए बुलाई गई थी.

सीक्रेट मीटिंग में क्या चर्चा हुई?

सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में प्रस्ताव रखा गया कि भविष्य में होने वाले किसी भी बड़े प्रदर्शन से पहले आयोजकों को सख्त चेतावनी दी जाए. उन्हें बताया जाए कि ऐसे प्रदर्शनों के दौरान सुसाइड अटैक का खतरा रह सकता है, और किसी अप्रिय घटना की पूर्ण जिम्मेदारी भी उन पर ही डाली जाएगी. इसके अलावा, सुझाव दिया गया कि प्रदर्शन आयोजित करने वाले प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं पर इतना दबाव बनाया जाए कि वे विरोध प्रदर्शन के लिए मैदान में उतरने से पहले कई बार सोचें यहां तक कि उन्हें गंभीर धमकियों का सामना भी करना पड़े.

इमरान खान की मौत की अफवाह और बढ़ती बेचैनी

कुछ दिन पहले अंतरराष्ट्रीय मीडिया के हवाले से यह अफवाह फैल गई थी कि रावलपिंडी की अडियाला जेल में बंद इमरान खान की कस्टडी में मौत हो गई है. सोशल मीडिया पर यह खबर जंगल की आग की तरह फैली और दो दिनों तक पाकिस्तान समेत दुनिया भर में हलचल मचती रही. हालांकि, उनकी बहन और जेल प्रशासन ने आधिकारिक बयान जारी कर इस खबर को झूठा बताया. इसके बावजूद उनके समर्थकों और परिवार के भीतर बेचैनी बरकरार है. उनके बेटे भी इमरान खान के जिंदा होने का प्रमाण सार्वजनिक रूप से मांग चुके हैं.

इमरान खान का आखिरी पोस्ट फिर चर्चा में

इमरान खान का आखिरी एक्स पोस्ट, जो 5 नवंबर को किया गया था, अब तेजी से वायरल हो रहा है. यह पोस्ट उनकी बहन से जेल में मुलाकात के तुरंत बाद किया गया था. इस संदेश में इमरान खान ने जनरल आसिम मुनीर पर सीधा हमला बोलते हुए उन्हें “पाकिस्तान के इतिहास का सबसे जालिम तानाशाह” और “मानसिक रूप से असंतुलित व्यक्ति” कहा था. इमरान ने आरोप लगाया था कि मुनीर अपनी सत्ता और प्रभाव बनाए रखने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं, और उन्होंने इमरान व उनकी पत्नी को नुकसान पहुँचाने की “हर कोशिश” की है.

जेल में बंद हैं इमरान खान

पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को वर्ष 2023 में भ्रष्टाचार के आरोपों में गिरफ्तार किया गया था और वे फिलहाल अडियाला जेल में सजा काट रहे हैं. देश में राजनीतिक तनाव, उनकी सेहत की अनिश्चितता और सुरक्षा से जुड़े सवालों के बीच, उनके समर्थक हर नई जानकारी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.

सम्बंधित खबर

Recent News